“सीतापुर में मुंडन की खुशियां मातम में बदलीं” मां-बेटी समेत 5 की मौत, 17 घायल
1 min read
सीतापुर। पिसावां-पिहानी मार्ग पर शुक्रवार शाम एक परिवार की खुशियां कुछ ही पलों में मातम में बदल गईं। हरदोई के पिहानी स्थित शिव मंदिर में बच्चे का मुंडन संस्कार कराकर घर लौट रहे परिवार और गांव के लोगों की ट्रैक्टर-ट्रॉली कुलहाघाट के पास हादसे का शिकार हो गई। तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। उस पर सवार लोग नीचे दब गए। हादसे में मां-बेटी समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हो गए। इनमें छह की हालत गंभीर बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, बरगावां गांव निवासी गुड्डू के तीन वर्षीय भांजे अभी पुत्र हरिनाम का मुंडन संस्कार हरदोई जिले के पिहानी क्षेत्र के रायपुर गांव स्थित शिव मंदिर में संपन्न हुआ था। कार्यक्रम में परिवार और गांव के अन्य लोग शामिल हुए थे। संस्कार के बाद सभी ट्रैक्टर-ट्रॉली से अपने गांव बरगावां लौट रहे थे। शाम करीब छह बजे कुलहाघाट के पास हिम्मतनगर गांव के निकट पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रॉली पलट गई और उस पर सवार करीब 25 लोग नीचे दब गए।
