“दिल्ली पुलिस की बड़ी कामयाबी” बिल्डर कार्यालय पर दिनदहाड़े फायरिंग करने वाला पवन पहलवान गिरफ्तार

दिल्ली। पुलिस के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट स्पेशल स्टाफ ने पहाड़गंज क्षेत्र में बिल्डर के कार्यालय में दिनदहाड़े फायरिंग की सनसनीखेज वारदात के मुख्य आरोपी एवं वांछित बदमाश पवन पहलवान को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। DCP श्री रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि इस कार्रवाई के दौरान बदमाश ने अपने आप को चारों ओर से घिरा देखकर पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करते हुए फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा एवं कानून के अनुरूप न्यूनतम आवश्यक बल का प्रयोग करते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी। उसे तत्काल उपचार के लिए एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मुठभेड़ के दौरान दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल ने अदम्य साहस का परिचय दिया। बदमाश द्वारा चलाई गई दो गोलियां उनकी बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगीं, जिससे उनकी जान बच गई। इस दौरान उनके हाथ में भी चोट आई है और उनका उपचार जारी है।

उल्लेखनीय है कि बिल्डर के कार्यालय में हुई दिनदहाड़े फायरिंग के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में भय का माहौल था। घटना के उपरांत मार्केट एसोसिएशन ने दिल्ली के पुलिस आयुक्त एवं मुख्यमंत्री से मुलाकात कर सुरक्षा संबंधी चिंता व्यक्त की थी। व्यापारियों ने सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट पुलिस पर विश्वास जताया था, जिसे पुलिस ने अपनी त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई से कायम रखा। घटना के बाद सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने लगातार सात दिनों तक विभिन्न राज्यों में व्यापक अभियान चलाया। जांच के दौरान इस मामले के मास्टरमाइंड को कोलकाता से गिरफ्तार किया गया। उससे हुई गहन पूछताछ के आधार पर पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया, जिसके दौरान पवन पहलवान पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आरोपी ने वारदात से पहले और बाद में सोशल मीडिया पर धमकी भरे वीडियो जारी कर प्रशासन और कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देने का प्रयास किया था। पुलिस ने इस पूरे प्रकरण को अत्यंत पेशेवर तरीके से हैंडल करते हुए हरियाणा, उत्तर प्रदेश, कोलकाता तथा दिल्ली सहित विभिन्न स्थानों पर लगातार छापेमारी की और अंततः आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

यह ऑपरेशन एसीपी पहाड़गंज एवं एसीपी ऑपरेशन के पर्यवेक्षण में इंस्पेक्टर स्पेशल स्टाफ श्री संदीप यादव एवं उनकी टीम द्वारा सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया। डीसीपी श्री रोहित राजबीर सिंह ने कहा कि, “दिल्ली में किसी भी अपराधी या संगठित अपराध को पनपने नहीं दिया जाएगा। सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हमारे क्षेत्र के लोगों पर किसी भी प्रकार का हमला करने वालों के विरुद्ध दिल्ली पुलिस पूरी सख्ती और कानून के अनुसार कार्रवाई करेगी।” उन्होंने युवाओं से विशेष अपील करते हुए कहा कि, “युवा अपराध की दुनिया से दूर रहें और एक जिम्मेदार एवं अच्छे नागरिक के रूप में राष्ट्र निर्माण तथा देश के उत्थान में अपना सक्रिय योगदान दें। अपराध का रास्ता केवल विनाश की ओर ले जाता है।” DCP ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि, “समाज में अराजकता, भय और असुरक्षा का माहौल पैदा करने वालों की उचित जगह जेल है। दिल्ली पुलिस ऐसे अपराधियों के विरुद्ध बिना किसी समझौते के कानून के दायरे में रहकर सख्त कार्रवाई करती रहेगी।” सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने दोहराया कि राजधानी में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा तथा आम नागरिकों की सुरक्षा और विश्वास बनाए रखना दिल्ली पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed