अपने ही खिलाफ प्रदर्शन में पहुंचे सपा सांसद उत्कर्ष वर्मा, लखीमपुर का मामला

लखीमपुर खीरी। महिला आरक्षण के मुद्दे पर भाजपा महिला मोर्चा की ओर से लगातार दूसरे दिन समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद उत्कर्ष वर्मा के आवास के बाहर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन कर रहीं महिला कार्यकर्ताओं का आरोप था कि सांसद ने महिला आरक्षण का विरोध किया है। इसी दौरान सांसद उत्कर्ष वर्मा प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे और महिला आरक्षण का समर्थन करते हुए कहा कि महिला आरक्षण बिल वर्ष 2023 में पास हो चुका है, लेकिन अब तक उसे लागू नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलना चाहिए और सरकार को इसे लागू करना चाहिए। सांसद ने कहा कि भाजपा सरकार महिला आरक्षण के मुद्दे पर महिलाओं को गुमराह कर रही है और छल के साथ महिला बिल की आड़ में परिसीमन को आगे कर उसे पास कराना चाहती है।

उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अपनी सरकार से जिले की आठ सीटों में चार और प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों में 33 प्रतिशत आरक्षण की मांग करें। सपा सांसद ने यह भी कहा कि यदि भाजपा कार्यालय के सामने प्रदर्शन होगा तो वह भी समर्थन में शामिल होंगे। प्रदर्शन के दौरान भाजपा महिला मोर्चा की जिला मंत्री रश्मि गुप्ता, संगीता पुरी, किरण अग्रवाल, अनीता निगम, उमा राज, माला शास्त्री, जिला उपाध्यक्ष संतोष कुमारी, ब्लॉक प्रमुख दिव्या सिंह, मंजू लता, सीमा वर्मा, कीर्ति गुप्ता मौजूद रहीं। विरोध प्रदर्शन के दौरान माहौल उस समय बदला जब सपा सांसद उत्कर्ष वर्मा महिलाओं के बीच पहुंचे। बातचीत के बाद भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं ने सांसद के साथ सेल्फी खिंचवाई और उन्हें मिठाई भी खिलाई। मौके पर मौजूद लोगों के बीच यह चर्चा का विषय बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *