धर्म-राजनीति का ‘संगम’, शंकराचार्य की गो-रक्षा मुहिम को मिला सपा का साथ

इटावा। जिले के सैफई में ज्योतिष पीठाधीश्वर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का भव्य स्वागत किया गया। इस कार्यक्रम में राजनीति और धर्म का अनूठा मिलन देखने को मिला, जहां समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव और वरिष्ठ सपा नेता शिवपाल सिंह यादव ने न केवल शंकराचार्य का अभिनंदन किया, बल्कि गो-रक्षा के उनके संकल्प में अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई। कार्यक्रम में मुख्य रूप से शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का बयान छाया रहा। उन्होंने गो-सेवा और गोशालाओं की दुर्दशा पर चिंता जताते हुए वर्तमान सरकार और प्रशासन पर कड़े प्रहार किए। शंकराचार्य ने कहा कि गाय कोई साधारण पशु नहीं है, उसे माता का दर्जा मिलना ही चाहिए। गो-हत्या एक दंडनीय अपराध होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा प्रशासन उनकी गो-सेवा यात्रा को रोकने का हर संभव प्रयास कर रहा है। बीजेपी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग खुद को गो-भक्त बताकर सत्ता में आए, उन्हीं के शासनकाल में गो-हत्या को बढ़ावा मिला है।

उन्होंने दोटूक शब्दों में कहा कि यदि देश को हिंदू राष्ट्र घोषित करना है, तो सबसे पहले गायों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी होगी। गो-माता की रक्षा के बिना हिंदू राष्ट्र का मार्ग कभी प्रशस्त नहीं हो सकता। प्रशासन के असहयोग पर उन्होंने कहा कि यदि अधिकारी उनका साथ देंगे, तो उन्हें गौ-हत्या रोकने के लिए कड़े कदम उठाने पड़ेंगे, जो उनके निहित स्वार्थों (चंदे की राजनीति) के विपरीत है। इस अवसर पर कन्नौज सांसद डिंपल यादव ने अपनी आस्था प्रकट करते हुए कहा कि हम यादव वंशी हैं और गाय को अपनी माता के समान मानते हैं। उन्होंने शंकराचार्य के मार्गदर्शन को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। वहीं, सपा के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने शंकराचार्य के प्रति पूर्ण समर्थन व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्वामी जी गो-धर्म के लिए जो लड़ाई लड़ रहे हैं, उसमें हम पूरी तरह उनके साथ हैं। यह कार्यक्रम पूरी तरह से गो-माता के प्राणों और प्रतिष्ठा की रक्षा के लिए आयोजित किया गया था। शंकराचार्य की यह यात्रा उत्तर प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी ताकि जन-जागरूकता फैलाई जा सके। शंकराचार्य ने यह भी महसूस किया कि जनता, विशेषकर युवाओं में वर्तमान सरकार की नीतियों को लेकर गहरा असंतोष है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *