तारिक रहमान बनेंगे बांग्लादेश प्रधानमंत्री, भारत समेत 13 देशों को न्योता

बांग्लादेश की नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 17 फरवरी को होने जा रहा है। बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के मुखिया तारिक रहमान बांग्लादेश के प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन बांग्लादेश की अंतरिम सरकार करेगी। इस खास मौके के लिए अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस ने भारत समेत 13 देशों के नेताओं को न्योता भेजा है। राजनयिक सूत्रों के अनुसार, आमंत्रित देशों की सूची में भारत, चीन, पाकिस्तान, सऊदी अरब, तुर्की, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, मलेशिया, ब्रुनेई, श्रीलंका, नेपाल, मालदीव और भूटान शामिल हैं। शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन संसद के साउथ प्लाजा में होगा। बीएनपी ने हाल ही में हुए आम चुनाव में बड़ी जीत हासिल की है। BNP ने जीत के बाद बधाई संदेश भेजने के लिए प्रधानमंत्री मोदी का शुक्रिया भी अदा किया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पार्टी ने लिखा कि वे भारत के साथ मिलकर काम करने के लिए तैयार हैं।

BNP ने आपसी सम्मान और क्षेत्रीय शांति के आधार पर भारत के साथ रिश्तों को आगे बढ़ाने की इच्छा जताई है। इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बांग्लादेश में बीएनपी की चुनावी जीत के बाद तारिक रहमान को हार्दिक शुभकामनाएं दी थीं। बांग्लादेश में 12 फरवरी को आम चुनाव हुए थे। यह चुनाव शेख हसीना के सत्ता से हटने के बाद हुए जन आंदोलन के बाद पहला बड़ा चुनाव था। बीएनपी ने 300 सीटों वाली संसद में सरकार बनाने के लिए जरूरी 151 से कई ज्यादा सीटें जीती हैं। तारिक रहमान प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार हैं, जबकि जमात-ए-इस्लामी मुख्य विपक्षी दल के रूप में उभरी है। इस चुनाव में बांग्लादेश में करीब 59 प्रतिशत मतदान हुआ और शासन सुधारों से जुड़ा जनमत संग्रह भी पास हो गया। हालांकि, इस शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की उम्मीद कम है, क्योंकि उसी समय फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों भारत दौरे पर होंगे। माना जा रहा है कि इस समारोह में भारत की तरफ से कोई अन्य वरिष्ठ नेता शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *