बाइक से टकराकर खुला कार का एयरबैग, उसी में दबकर दम घुटने से बच्ची की गई जान

मध्य प्रदेश के सागर जिले के केसली-टड़ा मार्ग पर रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। प्रसिद्ध तीर्थ स्थल वनदेवी मंदिर के पास एक बोलेरो और बाइक की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में दो मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, समनापुर निवासी जाहरसिंह दांगी का परिवार वनदेवी मंदिर में दर्शन कर बोलेरो कार (MP 15 ZB 4094) से वापस लौट रहा था। वहीं, ग्राम जैथारी निवासी सुनील गौड़ (33) अपने 4 वर्षीय बेटे अंशुल के साथ बाइक पर सवार होकर टड़ा की ओर जा रहे थे। शाम करीब 5 बजे वनदेवी मंदिर के पास दोनों वाहनों में सीधी टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बोलेरो के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए।

बोलेरो की अगली सीट पर बैठी जाहरसिंह की 7 वर्षीय बेटी लेखनी की मौत एयरबैग खुलने के दबाव के कारण हो गई। वहीं, बाइक पर सवार चार वर्षीय अंशुल गौड़ ने भी अपने पिता की आंखों के सामने दम तोड़ दिया। हादसे में बाइक सवार सुनील गौड़ को गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल जिला चिकित्सालय सागर रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। थाना प्रभारी लोकेश पटेल ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दोनों मासूमों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटना के बाद से जैथारी और समनापुर गांव में सन्नाटा पसरा है। एक ही पल में दो मासूमों की जान जाने से पूरे इलाके में शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *