यमुना में डूब गए 6 युवक-युवतियां और किशोर, 4 की मौत

आगरा। बल्केश्वर घाट पर मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। भीषण गर्मी में यमुना में डुबकी लगाने के लिए कूदे छह युवक-युवतियां संग एक किशोर डूब गया। इन सभी को एक साथ डूबते हुए देख घाट पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद थाना पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू कर दिया। कड़ी मशक्कत के बाद पांच युवक-युवतियों को यमुना से बाहर निकाल लिया गया। इनमें से हालत गंभीर होने पर तीन को उपचार के लिए एसएन अस्पताल की इमरजेंसी भेजा गया, जहां दो युवक और एक युवती की मौत हो गई।

उधर घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन भी मौके पर पहुंच गए। उनका रो-रोकर हाल बेहाल है। वहीं यमुना में दो घंटे की तलाश के बाद किशोर की भी लाश मिल गई। किशोर के शव को देख परिजनों में चीख पुकार मच गई। DCP सिटी सैय्यद अली अब्बास ने बताया कि यमुना में नहाने के लिए 19 वर्षीय महक पुत्री कालीचरण, 22 वर्षीय कान्हा पुत्र रिंकू सिंह, 20 वर्षीय अंशु पुत्री कालीचरण निवासी कुंजनपुर, थाना सादाबाद और 17 वर्षीय रिया पुत्री मनोज, 11 वर्षीय विक्की पुत्र राकेश आए थे। डीसीपी ने बताया कि महक , रिया ,कान्हा, काजल, अंशु को यमुना नदी से बाहर निकाल लिया गया है। इन सभी को उपचार के लिए एसएन अस्पताल की इमरजेंसी भेजा गया, जहां उपचार के दौरान कान्हा, महक और रिया की मौत हो गई। वहीं विक्की की लाश भी यमुना से निकाल ली गई। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

वहीं हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। काफी मशक्कत के बाद 11 वर्षीय किशोर विक्की के शव को जब बाहर निकाला गया, तो परिजनों में चीख पुकार मच गई। यमुना में लापता विक्की के पिता राकेश ने बताया कि विक्की की बुआ की लड़की का जन्मदिन था। बीती रात को परिवार के सदस्य वहां गए हुए थे। आज लगभग सुबह 11 बजे सभी बच्चे एक साथ बिना बताए यमुना में नहाने गए थे। उन्होंने बताया कि चार बेटियों के बाद बड़ी मन्नत से एक बेटा हुआ था वो भी ऊपर वाले ने छीन लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed