KARMYUG VARTA

एक साथ आयें, नई रांह बनायें

तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा की मिली नग्न लाश, मुंह में ठूंसा था कपड़ा

1 min read

बहराइच। बाग जाने के लिए शुक्रवार सुबह घर से निकली छात्रा रहस्यमय तरीके से गायब हो गई। शनिवार सुबह झाड़ियों से उसका शव मिला। मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था। शरीर पर कपड़े नहीं थे। दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है। फॉरेंसिक टीम भी मौके से साक्ष्य जुटा रही है। एक गांव निवासी छात्रा प्राथमिक विद्यालय में कक्षा तीन में पढ़ती थी। शुक्रवार को छात्रा स्कूल नहीं गई थी। वह सुबह बाग से आम लाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने तलाश शुरू की। लेकिन छात्रा का कहीं पता नहीं चला। इस पर परिवार के लोगों ने थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराई। परिजनों के साथ ही ग्रामीण और पुलिस लगातार छात्रा की तलाश में जुटे हुए थे।

इसी बीच शनिवार सुबह बाग से कुछ दूरी पर स्थित मक्के के खेत से छात्रा का शव मिला। भारी भीड़ जमा हो गई। छात्रा के मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था और शरीर पर कपड़े नहीं थे, जिससे ग्रामीणों में गहरा आक्रोश फैल गया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम और दहशत का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। SP विश्वजीत श्रीवास्तव, एएसपी डीपी तिवारी, क्षेत्राधिकारी महसी पवन कुमार और प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही फॉरेंसिक टीम की मदद से भी साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। एसपी ने बताया कि पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों पर स्थिति स्पष्ट होने की बात कही जा रही है। घटना को लेकर क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed