लखनऊ में बिजली संकट का सड़क पर दिखा गुस्सा, उपकेंद्र पर पथराव-हंगामा, हाईवे जाम, पानी को तरसे

लखनऊ। राजधानी के उपभोक्ताओं को बृहस्पतिवार को भी बिजली संकट से राहत नहीं मिली। बिजली गुल होने पर रात भर जागे लोगों ने रायबरेली रोड, बुद्धेश्वर मोहान रोड, टिकैतराय तालाब रोड पर जाम लगाया और अपट्रॉन व नूरबाड़ी उपकेंद्र का घेराव कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों कहना था कि बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण पानी के लिए भी तरसना पड़ रहा है। नूरबाड़ी ओल्ड उपकेंद्र के मोज्जमनगर व आसपास के करीब 1500 घरों की बिजली बुधवार रात 11 बजे केबल में फॉल्ट के कारण गुल हो गई। रात एक बजे तक आपूर्ति बहाल न होने पर नाराज उपभोक्ताओं ने बुधवार रात 1:30 बजे नूरबाड़ी व अपट्रॉन उपकेंद्र का घेराव कर टिकैतराय तालाब कॉलोनी के पास सड़क पर जाम लगा दिया। एसडीओ गुलरेज अली ने बताया कि हुबलाल फीडर के भूमिगत केबल में फॉल्ट आने के कारण नूरबाड़ी न्यू उपकेंद्र के फीडर से मोज्जमनगर व आसपास इलाकों की बिजली को चालू किया गया था। दूसरी तरफ फॉल्ट को भी सही कराया जा रहा था। नूरबाड़ी उपकेंद्र कर्मियों ने बताया कि इसी बीच 100-150 के झुंड में लोग गालीगलौज करते हुए कार्यालय में घुस गए और मारपीट पर आमादा हो गए। 

जब लोगों को बताया कि उनकी बिजली अपट्रॉन उपकेंद्र से चलती है तो लोगों ने वहां पहुंचकर आधे घंटे तक हंगामा किया। आरोप है कि जब कर्मियों ने अंदर से गेट बंद कर दिया तो लोगों ने पथराव भी किया। हंगामा के दौरान पुलिस ने लाठी फटकार कर भीड़ को खदेड़ा। इस इलाके में संकट बृहस्पतिवार सुबह 4 बजे समाप्त हुआ। उतरेठिया उपकेंद्र के बलदेव विहार, मवैया और देवीखेड़ा सहित आसपास के इलाकों में कई दिनों से लगातार चल रही बिजली कटौती और फाॅल्ट से परेशान लोगों का गुस्सा बृहस्पतिवार को सड़क पर दिखाई दिया। नागरिकों ने रायबरेली रोड पर सुबह 8:30 बजे जाम लगाकर बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। इससे सुबह 9:30 बजे तक यातायात प्रभावित रहा। सड़क जाम खुलवाने पहुंची पुलिस की प्रदर्शनकारियों से तीखी बहस और धक्का मुक्की हुई। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि तेलीबाग, एकता नगर, कल्ली, जगतखेड़ा और उतरेटिया समेत आसपास की बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। कहीं केबल जल रहा है तो कहीं ट्रांसफॉर्मर खराब होने से घंटों आपूर्ति बाधित हो रही है।

शिकायतों के बावजूद न तो जिम्मेदार सुनवाई कर रहे हैं और न ही स्थायी समाधान किया जा रहा है। राजधानी के बिजली खंभों के एबीसी में टेलीकॉम और केबल नेटवर्क तारों से आग लग रही है। इससे लोगों में नाराजगी, मगर बिजली विभाग के जिम्मेदारों को आग लगने के कारण नहीं दिख रहे हैं। बुधवार को आशीष नगर, कुर्सी रोड इलाके में एक बिजली खंभे की एबीसी लाइन में ओवरलोडिंग के कारण आग लग गई। आग की चिंगारी खंभे पर बंधे टेलीकॉम कंपनियों के तारों के बड़े बंडल तक पहुंच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे खंभे को अपनी चपेट में ले लिया। यह खंभा अशोक यादव के घर के बाहर लगा था। गेट के पास आग फैलने से घर के लोग अंदर फंस गए। आसपास के लोगों की मदद से किसी तरह सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया। अशोक यादव, राज, शकील, आरव समेत यहां के निवासियों ने आरोप लगाया कि इंटरनेट और वाई-फाई कनेक्शन देने वाली कंपनियां बिना किसी मानक का पालन किए बिजली के खंभों पर भारी मात्रा में तार बांध रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed