लखनऊ। महिला दरोगा ने ससुर पर दुष्कर्म और पति पर फायरिंग कर हत्या का प्रयास करने का आरोप लगाया है। मगर, पुलिस के कोई कार्रवाई नहीं करने पर महिला दरोगा बृहस्पतिवार को मायके वालों और किसान यूनियन के साथ थाने पहुंची। दो घंटे तक हंगामा किया। इस पर पुलिस ने उनकी तहरीर पर चार लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली। वहीं, ससुर ने भी बहू पर केस दर्ज कराया है। महिला दरोगा के मुताबिक, वर्तमान में वह प्रयागराज में तैनात हैं। पिछले साल उनकी शादी पारा निवासी युवक से हुई थी।
आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुर, पति, सास और ननद उन पर जातिसूचक टिप्पणियां करने लगे। नौकरी छोड़ने का भी दबाव बनाने लगे। ससुर ने उनके साथ दुष्कर्म किया और बाद में चूहे मारने की दवा खिलाने की कोशिश की। पीड़िता ने बताया कि पिता जब ससुराल पहुंचे तो आरोपियों ने असलहे के बल पर धमकी दी। चार दिन पहले पुलिस से शिकायत करने पर भी कुछ नहीं हुआ। इस बात पर उन्होंने प्रदर्शन किया। पुलिस कर्मियों पर भी मिलीभगत का आरोप लगाते हुए महिला दरोगा बेहोश हो गईं। इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने बताया दोनों पक्षों पर एफआईआर दर्ज की गई है। विवेचना में जो भी साक्ष्य मिलेंगे उस आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
