प्रतापगढ़। कांग्रेस कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष डॉ नीरज त्रिपाठी ने प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था, बढ़ते अपराध और सरकार की संवेदनहीन कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि महोबा की दलित छात्रा के साथ हुई अमानवीय घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। छात्रा का अपहरण कर 16 दिनों तक बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म एवं नरसंहार जैसा व्यवहार किया गया, लेकिन सरकार का कोई भी नुमाइंदा पीड़िता के घर नहीं पहुंचा। जब अजय राय पीड़िता का दुख साझा करने उनके घर जा रहे थे, तब भाजपा सरकार द्वारा उन्हें रोकने का हर संभव प्रयास किया गया। डॉ नीरज त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा सरकार पूरी तरह संवेदनहीन हो चुकी है। जो सरकार पीड़िता के आंसू पोंछने तक नहीं पहुंची, वही सरकार कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के मानवीय कार्य से घबराकर विरोध प्रदर्शन करा रही है। भाजपा नेताओं द्वारा अजय राय की संपत्ति की जांच की मांग करना हास्यास्पद है, जबकि प्रदेश में भ्रष्टाचार और अपराध चरम पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार “काम लो, चंदा दो” की नीति पर चल रही है। आगरा नगर निगम द्वारा निजी बिजली कंपनी टोरेंट का 430 करोड़ रुपये माफ करना तथा विभिन्न पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाना भ्रष्टाचार का बड़ा उदाहरण है। कांग्रेस पार्टी लगातार ईडी, आयकर और सरकारी एजेंसियों के दुरुपयोग का मुद्दा उठाती रही है।
सरकार को वाकई में अगर भ्रष्टाचार को बेनकाब करना है और उनमें अगर साहस है तो अपने मंत्रियों एवं विधायकों की संपत्ति की जांच कर ले यह पता चल जाएगा पिछले 9 साल में कितनी लूट हुई है मिड डे मील से लेकर सड़कों तक, अस्पताल की दवाइयां से लेकर मनरेगा तक चारों तरफ भ्रष्टाचार का बोलबाला जारी है यहां तक की इन लोगों ने प्रभु श्री राम की नगरी अयोध्या जी को भी नहीं छोड़ा है,न सिर्फ मंदिर के चंदा पर लूट हुई है बल्कि जितना अयोध्या में विकास नाम पर धनउगाही हुई है वह सब सबके सामने है। हम राहुल गांधी जी के सिपाही हैं हम सार्वजनिक जीवन में पूरी तरीके से सुचिता बरतते हैं जिस एजेंसी से चाहिए हमारी जांच कर लीजिये,मगर शर्त यह है कि उन्हीं एजेंसियों से भाजपा के मंत्रियों एवं विधायकों की भी जांच होनी चाहिए l जिला अध्यक्ष ने प्रतापगढ़ जिले की कानून व्यवस्था पर भी गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि जिले में लगातार हो रही बड़ी चोरी और लूट की घटनाएं यह साबित करती हैं कि अपराधियों में पुलिस और प्रशासन का कोई भय नहीं रह गया है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि अंतू थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत गड़वारा के डंगरी वार्ड में 18 मई 2026 की रात सात घरों में चोरी हुई, जिसमें भाजपा नेता नवीन सिंह के आवास पर उनके बड़े भाई एवं परिजनों को पिस्टल के बल पर बंधक बनाकर लगभग 15 से 16 लाख रुपये की लूट की गई।
इसी प्रकार 24 अप्रैल 2026 की रात अंतू थाना क्षेत्र के पूरे माधव सिंह ग्रामसभा में श्री शीतला सिंह के आवास पर लगभग 50 लाख रुपये की लूट हुई तथा उसी रात गड़ई चकदईया निवासी श्री पवन पांडेय उर्फ रिंकू के घर लगभग 16 लाख रुपये की लूट हुई। नगर कोतवाली क्षेत्र के गोड़े ग्रामसभा में 15 फरवरी 2026 की रात श्री लाल प्रताप सिंह के घर 40 से 45 लाख रुपये, पूर्व प्रधान ध्रुव प्रताप सिंह के घर 15 लाख रुपये तथा शेर बहादुर सिंह के घर लगभग 5 लाख रुपये की लूट हुई। फतनपुर थाना क्षेत्र के गारापुर-बीरापुर ग्रामसभा में 16 मई 2026 की रात श्रीदेवी प्रसाद पांडेय के आवास पर 30 से 35 लाख रुपये की चोरी हुई, वहीं कमला देवी के घर एक लाख रुपये और कुछ दूरी पर श्री सुभाष पांडेय के घर 10 से 15 लाख रुपये की चोरी हुई। डॉ नीरज त्रिपाठी ने कहा कि लगातार हो रही इन घटनाओं से आम जनता भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर है। अपराधी बेखौफ होकर बड़ी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, जबकि सरकार केवल प्रचार और विपक्ष को दबाने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज उठाती रहेगी और प्रदेश और जनपद में बिगड़ती कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार एवं अपराध के खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रहेगा।
