“धर्मसभा से धर्मग्रंथ बरामद” लालच देकर जरुरतमंदों को लुभाते थे, 3 पर FIR, 6 हिरासत में

महराजगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र के पिपरदेऊरा वार्ड में धन का प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराया जा रहा था। सोमवार को रीना निवासी ग्राम बिलवनिया की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी पास्टर सरोज कुमार, सरोज देवी निवासी पिपरदेउरा व कुशीनगर के तुर्कडीहा निवासी प्रियंका पर प्राथमिकी कर ली। साथ ही तीनों को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार, सदर कोतवाली क्षेत्र के पिपरदेऊरा वार्ड में रविवार को धर्मांतरण की सूचना पर राष्ट्रीय बजरंग दल के पदाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर हंगामा किया। राष्ट्रीय बजरंग दल का आरोप था कि पिपरदेऊरा में सरोज नामक व्यक्ति के मकान में बेदारी सभा का आयोजन किया गया। इसमें 100 से अधिक लोग मौजूद थे। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में ले लिया।

बेदारी सभा में मौजूद रीना निवासी ग्राम बिलवनिया (हाल पता कांशीराम आवास, पिपरदेऊरा) ने सोमवार को कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि पिपरदेउरा निवासी पास्टर सरोज कुमार, सरोज देवी तथा कुशीनगर के तुर्कडीहा निवासी प्रियंका काफी समय से अपने आवास पर धर्मसभा आयोजित कर रहे हैं। आरोप है कि इन सभाओं में हिंदू समाज के गरीब एवं मजदूर वर्ग के लोगों को धन का लालच देकर और बहला-फुसलाकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जाता था। रविवार की शाम करीब चार बजे आयोजित धर्मसभा में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। आरोप है कि सभा के दौरान हिंदू धर्म के संबंध में आपत्तिजनक बातें कही गईं और उपस्थित लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए उकसाया गया। प्रार्थिनी ने कहा कि इन बातों से उसकी धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। महिला ने यह भी दावा किया कि सभा समाप्त होने के बाद वहां से एक धर्म से संबंधित पांच धर्मग्रंथ, लगभग 50 पंफलेट और एक ढोलक बरामद हुई, जिन्हें वह अपने भाई राकेश कुमार तथा मोहल्ले के संजय कुमार के साथ कोतवाली लेकर पहुंची और पुलिस को सौंप दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed