KARMYUG VARTA

एक साथ आयें, नई रांह बनायें

प्रेम संबंध में शक के चलते युवती की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

1 min read

सोनभद्र। हाथीनाला थाना क्षेत्र के हथवानी-साऊडीह जंगल में 26 सितंबर को संदिग्ध परिस्थितियों में मिले 22 वर्षीय युवती के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने हथवानी निवासी मनोज कुमार उर्फ मुन्ना को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, युवती की गला दबाकर हत्या की गई थी। पुलिस का दावा है कि आरोपी का युवती से प्रेम संबंध था और उसे शक था कि युवती किसी अन्य युवक से भी फोन पर बातचीत करती थी। इसी संदेह को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके दौरान आरोपी ने कथित तौर पर युवती का गला दबा दिया।

26 सितंबर को हथवानी-साऊडीह जंगल में युवती का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने हत्या की पुष्टि होने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने युवती के परिजनों और परिचितों से पूछताछ की तथा उसके संपर्क में रहने वाले लोगों के बारे में जानकारी जुटाई। इसी क्रम में पुलिस को युवती और हथवानी निवासी मनोज कुमार उर्फ मुन्ना के बीच प्रेम संबंध होने की जानकारी मिली। पुलिस के मुताबिक, मनोज से पूछताछ के बाद उसे शनिवार को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने युवती की हत्या करने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बताया कि करीब दो महीने से उसका युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था और कुछ समय से उसे संदेह था कि युवती किसी अन्य युवक से भी फोन पर बातचीत करती है। पुलिस का दावा है कि इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और विवाद के दौरान आरोपी ने युवती का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद कथित तौर पर शव को हथवानी-साऊडीह जंगल में छोड़ दिया गया। एसओ विनोद कुमार यादव के अनुसार, आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed