KARMYUG VARTA

एक साथ आयें, नई रांह बनायें

चुनाव घोषणा से पहले अखिलेश ने इस विधानसभा सीट पर घोषित किया प्रत्याशी

1 min read

लखनऊ। सपा अध्यक्ष और पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने मंगलवार को बिथरी चैनपुर (बरेली) से कीर्ति कश्यप को विधानसभा प्रत्याशी घोषित कर दिया। कीर्ति कश्यप आंवला के पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप की पुत्री हैं और अपने पिता के साथ उन्होंने मंगलवार को ही सपा की सदस्यता ग्रहण की। इसके अलावा आंवला से बसपा के लोकसभा प्रत्याशी रहे सैय्यद आबिद अली समेत कई नेता भी सपा में शामिल हुए। इस अवसर पर पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने कहा कि पूरे प्रदेश में कश्यप समाज के एक दर्जन से ज्यादा लोगों की हत्याएं हो गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दोहरी व्यवस्था लागू की है। जब आरोपी उनकी जाति का होता है तब बुलडोजर नहीं चलता है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि कई नेता जो चुनाव में अलग-अलग दलों से आमने-सामने थे, आज वे सभी सपा में पीडीए के मजबूत पिलर के रूप में एक साथ खड़े हैं। धर्मेंद्र कश्यप के समाजवादी पार्टी में आने से बरेली, पश्चिमी यूपी समेत पूरे प्रदेश में पीडीए की लड़ाई और सामाजिक न्याय के राज की स्थापना के लिए चल रहा संघर्ष और मजबूत हुआ है।

सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने शामिल होने वाले नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि 2027 में प्रदेश में परिवर्तन होना तय है। आंवला के सांसद नीरज मौर्य ने कहा कि प्रदेश में परिवर्तन की बयार चल रही है। इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरनमय नंदा, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल आदि मौजूद रहे। आलापुर (बदायूं) के चेयरमैन फहीमुद्दीन, श्रावस्ती से भाजपा नेता देव प्रताप सिंह, बहराइच से संतोष तिवारी, उन्नाव से सर्वेश कुमार वर्मा, भारतीय साहू-राठौर सभा के कार्यकारी अध्यक्ष अनुज कुमार साहू, बरेली के डा. विनोद विश्वकर्मा, उत्तर प्रदेश सफाई मजदूर संघ के उपाध्यक्ष श्याम सुंदर बाल्मीकि। अखिलेश यादव ने कार्यक्रम के दौरान बसपा पर तंज भी कसा। आंवला के सैय्यद आबिद अली का परिचय बसपा के पूर्व प्रत्याशी के रूप में कराया गया तो सपा अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी का नाम मत लो, यहां तो सिर्फ यह फूल ही लेकर आए हैं। इतना सुनते ही हॉल में ठहाके लगने लगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed