“सामान के पैसे मांगने पर खूनी खेल” दुकानदार को पेट्रोल डालकर जलाया, मौत के बाद सड़क जाम
1 min read
सीवान। जिले के जीबी नगर थाना क्षेत्र में बुधवार की रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बदमाशों ने एक दुकानदार के शरीर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी और उसे दुकान के अंदर बंद कर बाहर से ताला लगाकर फरार हो गए। इस दर्दनाक घटना में दुकानदार की जिंदा जलकर मौत हो गई। वारदात थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान जीबी नगर थाना क्षेत्र के अलावल टोला निवासी जलील अंसारी के पुत्र नदीम अंसारी (25) के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। परिजनों के अनुसार, नदीम अंसारी थाने के ठीक सामने अपनी दुकान चलाता था। बुधवार की रात कुछ युवक उसकी दुकान पर सामान खरीदने पहुंचे थे। सामान लेने के बाद जब नदीम ने उनसे पैसे मांगे तो युवकों ने भुगतान करने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक बाजार से पेट्रोल खरीदकर लाया। इसके बाद उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर नदीम के शरीर पर पेट्रोल छिड़क दिया और आग लगा दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने नदीम को दुकान के अंदर बंद कर बाहर से ताला लगा दिया और मौके से फरार हो गए। दुकान से आग की तेज लपटें उठती देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया और घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। आग पर काबू पाने के बाद दुकान का दरवाजा तोड़ा गया, जहां से नदीम का जला हुआ शव बरामद हुआ। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सीवान-पटना मुख्य मार्ग पर तरवारा पुल के समीप शव रखकर सड़क जाम कर दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने आगजनी भी की। सड़क जाम होने से मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारी मौके पर वरीय पुलिस अधिकारियों और जिला प्रशासन को बुलाने के साथ ही सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। करीब दो घंटे तक सड़क जाम और प्रदर्शन जारी रहा। करीब दो घंटे बाद सदर एसडीओ आशुतोष गुप्ता और सदर-1 एसडीपीओ प्रांजल घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत की तथा उन्हें समझाकर शांत कराया। एसडीपीओ प्रांजल ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल, इस जघन्य वारदात के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।
