लखनऊ। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने उप्र वन निगम की एफडी की करोड़ों की रकम हड़पने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने उत्तर प्रदेश वन निगम के नाम से फर्जी बैंक खाता खुलवाकर रकम पार की थी। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 16 मई तक सीबीआई को उनकी कस्टडी रिमांड में भेजा गया है। यूपी, दिल्ली समेत कई राज्यों में सीबीआई ने छापे डालकर साक्ष्य जुटाए। सीबीआई ने 15 जनवरी 2026 को भारतीय बैंक की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया था।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने फर्जी पहचान पत्र, नकली अधिकृत पत्र और जाली प्रस्ताव तैयार कर वन निगम के नाम से बैंक खाता खुलवाया। इसके बाद बैंक को झांसा देकर 64.82 करोड़ रुपये खाते में स्थानांतरित करा लिए गए। इसमें से 6.95 करोड़ रुपये छह कंपनियों के खातों में भेज दिए गए। सीबीआई ने यूपी, दिल्ली, पश्चिम बंगाल और कर्नाटक में छापे भी मारे। उसके बाद कर्नाटक निवासी दीपक संजीव सुवर्णा और दीपक यादव को गिरफ्तार किया है। मामले में अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
