गाजीपुर के विनय ने झारखंड में रची थी हत्या की साजिश, बदलता रहा ठिकाना

वाराणसी। CBI के मुताबिक धनबाद में कोयला कारोबार से जुड़े विनय राय ने झारखंड में रहकर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पीए की हत्या की साजिश रची थी। शूटर राजकुमार सिंह की गिरफ्तारी के बाद से ही विनय राय की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही थी लेकिन वह लगातार ठिकाना बदल रहा था। देवरिया गांव से भी भाग निकला था। इस बीच सीबीआई को सूचना मिली कि विनय राय वाराणसी के कैंट थाना क्षेत्र में है। दबिश देकर आरोपी को पुलिसलाइन के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। वह रेलवे स्टेशन की तरफ भागने की फिराक में था। विनय राय को कस्टडी रिमांड पर लिया गया है। मई 2026 को पश्चिम बंगाल में कार सवार चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। सीबीआई के मुताबिक बलिया के शूटर राजकुमार सिंह ने गोलियां बरसाई थीं। हत्याकांड की जांच के दौरान विनय राय का नाम सामने आया था। जांच एजेंसी को उसके खिलाफ महत्वपूर्ण सुराग मिले थे इसके बाद लोकेशन ट्रैक कर सीबीआई टीम ने वाराणसी में दबिश दी। गिरफ्तारी के बाद सीबीआई की टीम आरोपी को लेकर कैंट थाने पहुंची जहां आरोपी का मेडिकल कराया गया, फिर उसे कचहरी स्थित मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया। 

CBI ने ट्रांजिट रिमांड की मांग करते हुए अदालत में बताया कि आरोपी से पूछताछ के लिए कोलकाता ले जाना जरूरी है। अदालत ने अर्जी स्वीकार करते हुए 21 मई की शाम छह बजे तक आरोपी को संबंधित न्यायालय में पेश करने का आदेश दिया। वहीं, बलिया के चिलकहर निवासी राजकुमार की गिरफ्तारी के बाद उसके दोस्त अंडरग्राउंड चल रहे हैं। टीम को उससे पूछताछ के दौरान अहम जानकारी मिली है। राजकुमार सिंह एक व्हाट्एसएप ग्रुप से जुड़ा था। 10 से 12 गांवों के 25 से 40 वर्ष के मनबढ़ किस्म के युवक शामिल हैं। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ हत्याकांड के तार जमानिया के देवरिया और मतसा से जुड़ गए हैं। सीबीआई ने जिस विनय राय को मंगलवार को काशी से गिरफ्तार किया उसका आपराधिक इतिहास भी है। गाजीपुर पुलिस के मुताबिक, विनय शहर के रौजा पर दूध विक्रेता नन्हकू यादव की हत्या का आरोपी है। दूध विक्रेता की हत्या 19 सितंबर 2017 को हुई थी। पुलिस की जांच में विनय राय का नाम सामने आया था। जमानिया कोतवाली में 2015 में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज हुआ था। 2016 में गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *