पूरे प्रदेश में हुई बरसात से गिरा पारा, आज इन 58 जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने से भीषण गर्मी से राहत मिली है, लेकिन तेज आंधी और बारिश ने कई क्षेत्रों में नुकसान की आशंका भी बढ़ा दी है। शनिवार को प्रदेश के अधिकांश जिलों में तेज हवाएं, गरज-चमक और बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने रविवार के लिए 58 जिलों में आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार और शनिवार के दौरान इटावा में सर्वाधिक 56 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा आगरा में 46.6 मिमी, कन्नौज में 45 मिमी, हमीरपुर में 24 मिमी और मथुरा में 12 मिमी बारिश हुई। आगरा में आंधी के दौरान हवाओं की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटा से अधिक दर्ज की गई, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। तेज हवाओं से पेड़ों, बिजली लाइनों और कच्चे ढांचों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार रविवार को भी मौसम का यही रुख बना रह सकता है।

कई जिलों में 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक के साथ बारिश होने और बिजली गिरने की संभावना है। लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों और कमजोर ढांचों के पास जाने से बचने की सलाह दी गई है। हालांकि, बादलों और बारिश की सक्रियता से प्रदेशभर में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। बुंदेलखंड समेत सभी जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में आंधी, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *