बहराइच। महसी विधानसभा क्षेत्र के बेड़नापुर में आयोजित विशाल जनसभा के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद को विकास की बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने 352 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 70 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 145.10 करोड़ रुपये की 19 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 207.25 करोड़ रुपये की 51 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
इन परियोजनाओं में सड़क निर्माण, पर्यटन विकास, ग्रामीण अभियंत्रण, नगर निकायों के विकास तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी अनेक योजनाएं शामिल हैं।
इन परियोजनाओं के पूरा होने से महसी और नानपारा विधानसभा क्षेत्रों के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को आयुष्मान गोल्डन कार्ड, मुख्यमंत्री आवास योजना के स्वीकृति पत्र, ट्रैक्टर की चाबी, टूल किट, सोलर आटा चक्की तथा विभिन्न विभागों की ओर से लाखों रुपये के डेमो चेक भी वितरित किए।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास और जनकल्याण की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। इस अवसर पर प्रदेश सरकार के मंत्रीगण, जनप्रतिनिधि, जनपद के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी बड़ी तादाद में मौजूद रहे।
