रांची। छात्र आंदोलन को लेकर सरकार और छात्रों के प्रतिनिधिमंडल के बीच हुई वार्ता खत्म हो गई है। बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा हुई, लेकिन समझौते को लेकर अभी अंतिम फैसला नहीं हो सका है। वार्ता के बाद छात्रों ने सत्याग्रह आंदोलन जारी रखने की बात कही है। वहीं, मंत्री शुद्धिव्य कुमार सोनू ने एक वेबसाइट का जिक्र करते हुए कहा कि छात्र इस माध्यम से अपनी राय और सुझाव सरकार तक भेज सकते हैं। बता दें कि सरकार और छात्र प्रतिनिधिमंडल के बीच दूसरे दौर की वार्ता शुरू हुई थी। बैठक में सरकार की ओर से चार मंत्री छात्र प्रतिनिधियों के साथ बातचीत कर रहे थे। इससे पहले शुक्रवार को भी सरकार और छात्रों के प्रतिनिधिमंडल के बीच वार्ता हुई थी, लेकिन छात्रों की प्रमुख मांगों पर सहमति नहीं बन सकी थी। इसके बाद शनिवार को दूसरे दौर की वार्ता आयोजित की गई है।
अब सभी की नजर इस बात पर है कि सरकार छात्रों की मांगों को लेकर क्या निर्णय लेती है और क्या आंदोलन को समाप्त कराने के लिए कोई ठोस सहमति बन पाती है। बैठक कितनी देर चलेगी और सरकार छात्रों की मांगों पर कितनी सहमति जताती है, इसका फैसला वार्ता खत्म होने के बाद ही स्पष्ट होगा। यदि वार्ता विफल रहती है, तो छात्रों की ओर से 10 अगस्त को प्रस्तावित विधानसभा घेराव का कार्यक्रम जारी रहने की संभावना है। इधर, जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहे सत्याग्रह के दौरान अनशन पर बैठे दो छात्रों की तबीयत बिगड़ गई है। दोनों का इलाज सदर अस्पताल में कराया जा रहा है। वहीं, आंदोलन में शामिल कई अन्य छात्रों की तबीयत भी खराब होने की स्थिति में है। लगातार आंदोलन और अनशन के कारण छात्रों में सरकार के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। ऐसे में शनिवार की वार्ता को आंदोलन के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
