लखनऊ। भारत-बांग्लादेश सीमा से जाली नोट लाकर यूपी में खपाने वाले दो आरोपियों को यूपी एटीएस ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से 500 रुपये के 201 जाली नोट बरामद हुए हैं। इनकी कुल कीमत 1,00,500 रुपये है। ATS को सूचना मिली थी कि कासगंज के कुछ लोग पश्चिम बंगाल के मालदा से जाली नोट लाकर यूपी के अलग-अलग जिलों में चला रहे हैं। सूचना के बाद एटीएस ने जांच शुरू की। सात अगस्त को एटीएस ने कासगंज के गंजडुंडवारा थाना क्षेत्र के गणेशपुर गांव निवासी अजीम खान और राजा उर्फ समीरुल को लखनऊ से गिरफ्तार किया।
तलाशी में उनके पास से 500 रुपये के 201 जाली नोट मिले। ATS के मुताबिक, नोटों की जांच भारतीय रिजर्व बैंक के मानकों के अनुसार कराई गई। जांच में नोट जाली पाए गए। आरोपियों से पूछताछ में जाली नोटों की सप्लाई से जुड़े दूसरे लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। दोनों के खिलाफ एटीएस लखनऊ थाने में केस दर्ज किया गया है। एटीएस अब यह पता लगा रही है कि जाली नोट कहां से लाए जाते थे और उन्हें यूपी के किन जिलों में खपाया जाता था।
