KARMYUG VARTA

एक साथ आयें, नई रांह बनायें

“बरेली में भाजपा की पदयात्रा आज” केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य होंगे शामिल

1 min read

बरेली। भाजपा की ओर से मंगलवार को शहर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकाली जाएगी। इसमें केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री एवं पार्टी के पूर्व अध्यक्ष जेपी नड्डा शामिल होंगे। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी साथ होंगे। जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और समर्थकों समेत करीब 30 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना पर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां पूरी कर ली हैं। पदयात्रा की तैयारियों को लेकर सोमवार को भाजपा जिला कार्यालय परिसर में जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों की बैठक हुई। ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष पूरन लाल लोधी ने तैयारियों की समीक्षा कर पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपीं। क्षेत्रीय अध्यक्ष ने बताया कि पदयात्रा स्वयंवर बरातधर से शुरू होकर बांके बिहारी मंदिर होते हुए शिवाजी चौक (शील चौराहा) पहुंचेगी। फिर शहीद पंकज अरोड़ा स्मारक पर पदयात्रा का समापन होगा। कार्यकर्ताओं की सहभागिता, जनसंपर्क, मार्ग व्यवस्था अन्य तैयारियों पर चर्चा की। पदयात्रा में शामिल होने वालों के वाहनों के लिए पांच स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। बसों और कारों की पार्किंग डेलापीर गल्ला मंडी, आईवीआरआई के पूर्वी गेट, इज्जतनगर स्टेशन के पीछे आरपीएफ पोस्ट के पास, मिनी बाइपास पर निर्माणाधीन बस अड्डे और स्टेडियम में होगी।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, रसायन, उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा मंगलवार सुबह 11:15 बजे गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट से विशेष विमान से रवाना होंगे। दोपहर 12 बजे बरेली एयरपोर्ट पहुंचेंगे। दोपहर 12:30 बजे आवास विकास चौकी, राजेंद्रनगर फिर दोपहर 1:25 बजे राजेंद्रनगर स्थित स्वयंवर बरातघर पहुंचकर 1:45 से 3:15 बजे तक जनसभा, पदयात्रा में शामिल होंगे। अपराह्न 3:30 बजे सर्किट हाउस पहुंचेंगे। शाम 4:30 बजे सर्किट हाउस से बरेली एयरपोर्ट रवाना होंगे। शाम 4:45 बजे एयरपोर्ट पहुंचेंगे। पांच बजे विशेष विमान से गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मंगलवार सुबह 12 बजे बरेली एयरपोर्ट पहुंचेंगे। 12:30 बजे राजेंद्रनगर में आवास विकास चौकी के पास स्थित उद्यमी के घर जाएंगे। फिर दोपहर 1:25 बजे राजेंद्रनगर स्थित स्वयंवर बरातघर पहुंचेंगे। यहां लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा दोपहर 2:15 बजे शुरू होगी। अपराह्न 3:30 बजे सर्किट हाउस में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों से संवाद करेंगे। विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के बाद शाम 4:40 बजे एयरपोर्ट पहुंचकर 4:45 बजे राजकीय विमान से लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे। केंद्रीय राज्यमंत्री जयंत चौधरी भी यात्रा में शामिल होने दोपहर 12 बजे गाजियाबाद से बरेली एयरपोर्ट पहुंचेंगे।

क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि विपक्ष के फैलाए भ्रामक नैरेटिव का तथ्यों और जनसंवाद के माध्यम से जवाब दिया जाएगा। लोगों से पदयात्रा से जुड़ने की अपील की। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश यादव, सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार, महापौर उमेश गौतम, जिला पंचायत की प्रशासक रश्मि पटेल, एमएलसी बहोरन लाल मौर्य, महाराज सिंह, विधायक संजीव अग्रवाल, डॉ. डीसी वर्मा, डॉ. एमपी आर्य और डॉ. राघवेंद्र शर्मा सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। केंद्रीय मंत्री व भाजपा के पूर्व अध्यक्ष जेपी नड्डा के मंगलवार को आगमन को लेकर नगर निगम व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में जुट गया है। उनके आवागमन के लिए प्रस्तावित मार्ग पर साफ-सफाई से लेकर सड़क की बदहाली दूर कराने तक के इंतजाम किए गए। जलकल विभाग की टीम ने राजेंद्रनगर में गाला गैलेक्सी होटल के पास पानी की फटी पाइप लाइन को ठीक कराया। सड़क के किनारे से गिट्टी व बालू को हटवाया गया, ताकि आवागमन में कोई परेशानी न हो। सड़क किनारे के उबड़-खाबड़ हिस्सों को भी दुरुस्त कराया गया। डिवाइडर पर लगे पौधों की छंटाई कराकर उन्हें व्यवस्थित किया गया। नगर निगम की सफाई टीम ने भी पूरे क्षेत्र में अभियान चलाया। सड़क किनारे से कूड़ा व गंदगी हटवाई गई। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि पदयात्रा के मद्देनजर व्यवस्थाओं को मुकम्मल कराया गया है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed