KARMYUG VARTA

एक साथ आयें, नई रांह बनायें

“50 मीटर दूर हाथ-पैर” सिर और धड़ का पता नहीं, परिजन सोते रहे, मेडिकल कॉलेज के नवजात का शव ले गए कुत्ते

बांदा। रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज के ओटी ब्लॉक के हॉल से मृत नवजात को आवारा कुत्ते ले गए और उसे नोंच डाला। मासूम के हाथ और पैर करीब 50 मीटर की दूर पड़े मिले। परिजन नवजात के शव के पास ही सो रहे थे। सीसीटीवी फुटेज में कुत्ते मृत नवजात को नोंचते हुए लेकर जाते दिखाई दे रहे हैं। अस्पताल प्रशासन ने इसे सुरक्षा में चूक मानते हुए तीन गार्डों की सेवा समाप्त करने को पत्र लिखा है। वहीं विभागाध्यक्ष से स्पष्टीकरण मांगा है। गिरवां के बड़ोखर खुर्द निवासी गनेश ने बताया कि रविवार रात लगभग 11:30 बजे पत्नी गुड़िया को प्रसव पीड़ा होने पर 102 एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज लेकर आए। एंबुलेंस में ही बच्चे का जन्म हो गया था। गुड़िया को स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में भर्ती कराया गया। ड्यूटी पर तैनात डॉ. सुशील ने रात करीब 12:30 बजे उन्हें मृत नवजात सौंपा। उन्होंने शिशु का शव भाभी ऊषा को दे दिया। रात होने के कारण ओटी ब्लॉक के हॉल में बेंच पर गनेश और फर्श पर ऊषा नवजात के शव को लेकर लेट गई। दोनों को नींद आ गई।

इस बीच परिसर में घूम रहे कुत्ते नवजात का शव उठा ले गए। करीब तीन बजे गनेश की नींद खुलने पर उन्हें शव गायब मिला। उन्होंने ऊषा को जगाया और उसकी तलाश की। हॉल से करीब 50 मीटर दूर कॉरिडोर में नवजात के दोनों हाथ और दोनों पैर पड़े थे। सिर और धड़ का कुछ पता नहीं चला। घटना से मेडिकल कॉलेज में हड़कंप मच गया। गनेश ने सुबह करीब सात बजे शव के अवशेष केन नदी में प्रवाहित कर दिए। मेडिकल कॉलेज चौकी पुलिस ने परिजन के बयान दर्ज किए। प्राचार्य ने स्त्री एवं प्रसूति रोग की विभागाध्यक्ष डॉ. मीनाक्षी से स्पष्टीकरण मांगा है। बांदा शहर कोतवाल बलराम सिंह ने बताया कि परिजन ने अभी तक कोई तहरीर नहीं दी है, जांच की जा रही है। प्रसूता ने मृत शिशु को जन्म दिया था। परिजन शव लेकर ओटी ब्लॉक के हॉल में रुके थे। रात में कुत्तों ने घटना अंजाम दी। सीसीटीवी फुटेज मिला है। तीनों गाडों की सेवा समाप्ति के लिए पत्र लिखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed